Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

यमुनानगर में एंटी नारकोटिक सेल की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब की 40 पेटियां बरामद, आरोपी गिरफ्तार

June 24, 2025

यमुनानगर में एंटी नारकोटिक सेल की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब की 40 पेटियां बरामद, आरोपी गिरफ्तार

Haryana Anti Narcotics Cell: हरियाणा डेस्क: यमुनानगर में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार को टीम ने मिल्क माजरा टोल टैक्स के पास एक संदिग्ध महिंद्रा पिकअप वाहन को रोका, जिसमें से भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप पकड़ी गई। वाहन की तलाशी में कुल 40 पेटी देसी और अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

-टोल टैक्स पर घेराबंदी, ड्राइवर मौके पर दबोचा गया

पुलिस को सूचना मिली थी कि अंबाला से एक पिकअप वाहन में अवैध शराब की खेप यमुनानगर की ओर भेजी जा रही है। इस इनपुट के आधार पर एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने मिल्क माजरा टोल टैक्स पर नाका लगाया और संदिग्ध वाहन को रोककर जांच शुरू की। वाहन की तलाशी में शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

-गिरफ्तार आरोपी जैधर गांव का निवासी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जैधर गांव निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि यह शराब अवैध रूप से सप्लाई की जानी थी, हालांकि उसने नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों की जानकारी देने से फिलहाल कतराया। पुलिस अब आरोपी से सघन पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार की जड़ों तक पहुंचा जा सके।

-अवैध शराब माफिया पर शिकंजा कसने की तैयारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई एक बड़े अवैध शराब नेटवर्क की कड़ी हो सकती है। आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस नेटवर्क का पूरी तरह से पर्दाफाश कर, इसमें संलिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

-सख्ती से होगी निगरानी

एंटी नारकोटिक सेल के प्रभारी ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाइयों को लगातार अंजाम दिया जाएगा। सीमावर्ती क्षेत्रों, हाइवे और ट्रांजिट पॉइंट्स पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी ताकि अवैध शराब, नशे और तस्करी जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें