Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा BJP अध्यक्ष OP Dhankar ने गणतंत्र दिवस पर रोहतक में फहराया तिरंगा, पद्मश्री विजेताओं को दी बधाई

January 26, 2023

हरियाणा BJP अध्यक्ष OP Dhankar ने गणतंत्र दिवस पर रोहतक में फहराया तिरंगा, पद्मश्री विजेताओं को दी बधाई

रोहतक: हरियाणा भाजपा अध्यक्ष औमप्रकाश धनखड़ ने देश के 74 वें गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर रोहतक स्थित प्रदेश कार्यालय में तिरंगा फहराया और नाम-अनाम बलिदानियों व वीर शहीदों को नमन किया। धनखड़ ने गणतंत्र की देश-प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि पीएम मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत अपने पुराने गौरव को हासिल करने की राह पर तेजी से अग्रसर है। दुनिया के शक्तिशाली देशों के समूह जी-20 के अध्यक्ष जैसे गौरवशाली पद पर विराजमान है और बेहतर अर्थ प्रबंधन से दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब देश की राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा देखकर हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। दुनिया के अग्रणी देशों में नौकरियों में छंटनी का दौर चल रहा है जबकि भारत मेंं युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है। देश की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने का ऐतिहासिक कार्य हुआ है। यह बदलता हुआ और अपना पुराना गौरव हासिल करता हुआ भारत है।

धनखड़ ने हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ मंगलसेन की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हर नाम-अनाम बलिदानी की गौरव गाथा का इतिहास पब्लिक डोमेन में आना चाहिए। आजादी के आंदोलन में 3,27,000 वीरों ने आजादी के लिए बलिदान दिया। 13,500 वीरों को कोर्ट के माध्यम सें फांसी के फंदे तक पहुंचाया गया। धनखड़ ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने गन्ने का भाव बढ़ाकर 372 रुपये प्रति क्विंटल किया है जो ज्यादातर गन्ना उत्पादक राज्यों से ज्यादा है। किसी एक राज्य ने एक बार पहले घोषित कर कुछ रुपये प्रति क्विंटल हमारे से ज्यादा दिया है, लेकिन उनका पिछला रिकॉर्ड देखें और आगे भी देखेंगे वे क्या भाव देते हैं।

हरियाणा में मनोहर लाल सरकार किसान हितैषी सोच के साथ कार्य कर रही है। अंत्योदय की भावना से परिवार पहचान पत्र योजना के माध्यम से गरीब कल्याण के कार्य कर रही है। उन्होंने इस वर्ष हरियाणा से पद्मश्री विजेता सुखमा आचार्य व बख्शीश यादव को भी बधाई दी। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री रविंद्र राजू,पूर्व मंत्री एवं प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष ग्रोवर, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सुमित्रा चौहान, प्रदेश कार्यालय सचिव गुलशन भाटिया, जिला अध्यक्ष अजय बंसल, प्रदेश मीडिया सह प्रमुख शमशेर खरक,डॉ दिनेश घिलौड़,नरेंद्र खट्टर,मदनलाल गोयल राजू सहगल, राजेश भालौठ सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें