Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा में कोरोना की रफ्तार तेज,7 जिलों में 16 नए मामले…ये इलाके सबसे ज्यादा एक्टिव केस

June 25, 2025

हरियाणा में कोरोना की रफ्तार तेज,7 जिलों में 16 नए मामले…ये इलाके सबसे ज्यादा एक्टिव केस

Haryana Corona Active Case: चंडीगढ़: हरियाणा में एक बार फिर कोरोना वायरस ने दस्तक दी है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के सात जिलों में कुल 16 नए मामलों की पुष्टि हुई है। ये केस 347 संदिग्ध मरीजों की जांच के बाद सामने आए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी संक्रमित मरीज की मृत्यु नहीं हुई है।

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा में इस समय कुल 61 सक्रिय मामले हैं। इनमें से सबसे अधिक केस तीन जिलों में सामने आए हैं गुरुग्राम में 20, फरीदाबाद में 17 और करनाल में 6 एक्टिव केस हैं। इन जिलों को फिलहाल राज्य के कोरोना “हॉटस्पॉट” के रूप में देखा जा रहा है।

-सिविल सर्जन भी संक्रमित

सोनीपत जिले से एक और चिंता बढ़ाने वाली खबर आई है, जहां सिविल अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. ज्योत्सना की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। उन्हें हल्के लक्षणों के बाद होम आइसोलेशन में रखा गया है। यह केस स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा पर भी एक बार फिर सवाल खड़े करता है।

-अब तक कुल 489 मामलों की पुष्टि

राज्यभर में अब तक कोरोना के कुल 489 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। अकेले गुरुग्राम में 202 केस, फरीदाबाद में 147, करनाल और पंचकूला में 36-36, यमुनानगर में 7 और झज्जर में 17 मरीज मिल चुके हैं। बाक़ी जिलों में sporadic यानी छिटपुट केस देखने को मिल रहे हैं।

-स्वास्थ्य मंत्री ने की अपील

राज्य की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने स्थिति को लेकर स्पष्ट किया कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया, “जो वैरिएंट अभी फैल रहा है, वह हल्का और मैनेजेबल है। हम सभी सिविल सर्जनों को सतर्कता और आवश्यक तैयारियों के निर्देश पहले ही दे चुके हैं।”

उन्होंने जनता से अपील की कि वे मास्क का इस्तेमाल करें, सामाजिक दूरी बनाए रखें और भीड़भाड़ वाली जगहों से बचें।

-वैरिएंट की पहचान बाकी

फिलहाल हरियाणा में फैले कोरोना वैरिएंट की पुष्टि नहीं हो पाई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह ओमिक्रॉन के किसी सब-वेरिएंट का मामला हो सकता है, जैसा कि हाल ही में चीन और अन्य एशियाई देशों में देखा गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भले ही इसे चिंताजनक कैटेगरी में न रखा हो, लेकिन निगरानी योग्य वैरिएंट की सूची में जरूर शामिल किया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें