Site icon Dainik Savera Times

हरियाणा के गृह मंत्री ने इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष की हत्या की CBI जांच का आश्वासन दिया

चंडीगढ़। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने सोमवार को विधानसभा को आश्वासन दिया कि इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपी जाएगी। दिल्ली से सटे हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में रविवार को अज्ञत हमलावरों ने राठी और पार्टी के एक अन्य कार्यकर्ता की हत्या कर दी थी। लोकसभा चुनाव से कुछ हफ्तों पहले हुए इस हमले को लेकर विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। विपक्ष ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) शासित राज्य में कानून-व्यवस्था खराब होने का आरोप लगाया।

विज ने विधानसभा में कहा, ‘‘अगर सदन सिर्फ सीबीआई जांच से संतुष्ट है तो मैं सदस्यों को आश्वासन देता हूं कि हम मामला सीबीआई को सौंप देंगे।’’ सदन की कार्रवाई की शुरुआत में, विपक्षी दल कांग्रेस ने राठी की हत्या का मुद्दा उठाया और घटना की जांच या तो उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से या उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई से कराने की मांग की। ऐसे में विधानसभा अध्यक्ष ने कानून-व्यवस्था पर स्थगन प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। प्रश्नकाल के तुरंत बाद, कांग्रेस सदस्यों ने यह मुद्दा उठाया और कानून-व्यवस्था पर चर्चा की मांग की।

Exit mobile version