कैथल जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर गांव क्योड़क के पास हरियाणा रोडवेज की बस और पिकअप गाड़ी की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि पिकअप में सवार चार बुजुर्गों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का इलाज जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत शहर के शाह अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेजा गया।
मृतकों की पहचान
इस सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले बुजुर्गों की पहचान पंजाब के फरीदकोट जिले के गांव रामेआला निवासी 62 वर्षीय नरेंद्र कुमार, 57 वर्षीय हकीकत सिंह, 67 वर्षीय काकू सिंह और 60 वर्षीय मक्खन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस अब अन्य घायलों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
गुरुद्वारा दर्शन को निकले थे सभी
गांव रामेआला से आए ये सभी लोग रविवार शाम को कैथल पहुंचे थे। रात उन्होंने मंजी साहिब गुरुद्वारा में गुजारी और सोमवार सुबह करीब सवा छह बजे पिहोवा गुरुद्वारा की ओर रवाना हुए। वे वहां बाबा दलीप सिंह, बाबा जीवन सिंह और बाबा जंगीर सिंह की बरसी पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
तेज रफ्तार ने छीनी खुशियाँ
जैसे ही पिकअप गाड़ी गांव क्योड़क के नजदीक हाईवे पर पहुंची, उसी समय हिसार डिपो की हरियाणा रोडवेज बस ने तेज रफ्तार और लापरवाही से टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर के बाद पिकअप गाड़ी सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। कुछ ही पलों में खुशियों का सफर मातम में बदल गया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...