Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

करनाल में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक मोड़, घरेलू झगड़े में महिला पर जानलेवा हमला, देवर पर केस दर्ज

August 25, 2025

करनाल में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक मोड़, घरेलू झगड़े में महिला पर जानलेवा हमला, देवर पर केस दर्ज

करनाल के शिव कॉलोनी इलाके में शुक्रवार रात एक घरेलू झगड़ा खतरनाक झड़प में बदल गया। 58 वर्षीय माया देवी पर उनके ही रिश्तेदार ने जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाले देवर रामकिशन ने अचानक उनके घर में घुसकर पहले हाथापाई की और फिर ईंट उठाकर सिर पर वार कर दिया।

हमले के समय माया देवी का बेटा सोमनाथ घर में मौजूद था। मां की चीखें सुनकर वह दौड़ा और बीच-बचाव किया, तब जाकर आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल माया देवी को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें नाजुक हालत में निजी अस्पताल रेफर कर दिया।

रात देर तक पीड़िता की स्थिति चिंताजनक बनी रही। शुरुआत में उन्हें बयान देने लायक फिट नहीं माना गया, लेकिन हालत में सुधार आने के बाद उन्होंने रामनगर थाना पुलिस को पूरा घटनाक्रम बताया। बयान दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि माया देवी कबाड़ बीनकर गुजर-बसर करती हैं और पहले भी रामकिशन से उनका विवाद हो चुका है। कुछ समय पहले उन्होंने उसके खिलाफ केस दर्ज कराया था। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है, जो शुक्रवार को हिंसा में बदल गया।

थाना रामनगर पुलिस टीम ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। एएसआई विक्रम सिंह के अनुसार, पीड़िता के बयान बेहद गंभीर हैं और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इलाके में इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें