Site icon Dainik Savera Times

Haryana News: रेवाड़ी में नेवी के जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, होटल के कमरे में मिला शव

हरियाणा डेस्कः हरियाणा के रेवाड़ी जिले में एक होटल के कमरे में नेवी के जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यह खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पहली नजर में मामला किसी जहरीले पदार्थ खाने का लग रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।

जानकारी के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना मिली थी कि अंबेडकर चौक के पास स्थित होटल के कमरे में एक व्यक्ति रुका था। वह आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खोल रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जब दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। कमरे में युवक मृत अवस्था में पड़ा था।

मौके पर पहुंचे पुलिस उपाधीक्षक सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि मृतक की पहचान हितेश नाम के व्यक्ति के तौर पर हुई है, जो अटेली क्षेत्र के गांव गढ़ी रुथल का रहने वाला था। वह नेवी में तैनात था और करीब 25 दिन की छुट्टी पर घर आया हुआ था। बीती रात लगभग 3 बजे वह रेवाड़ी के अंबेडकर चौक स्थित एक होटल में ठहरने आया। होटल में उसे एक कमरा दिया गया और सुबह 11 बजे तक उसे कमरा खाली करना था। लेकिन जब वह तय समय तक बाहर नहीं आया और कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो होटल प्रबंधक को शक हुआ। उसने तुरंत थाना मॉडल टाउन पुलिस को सूचना दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और जब दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर बाथरूम में हितेश का शव पड़ा हुआ था। पुलिस ने पूरे कमरे की जांच की और शव को आगे की कार्रवाई के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वे यह समझने की कोशिश में हैं कि आखिर होटल में अकेले ठहरने आए हितेश के साथ ऐसा क्या हुआ कि उसकी जान चली गई। होटल प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है और कमरे से मिले सामान को भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

पुलिस ने घटना की सूचना मृतक हितेश के परिजनों को दे दी है, जिससे सभी सदमे में हैं। वहीं, बताया जा रहा है कि हितेश की शादी अभी इसी साल फरवरी महीने में ही हुई थी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा।

Exit mobile version