हरियाणा डेस्क: हरियाणा के जींद जिले में एक पुलिसकर्मी द्वारा महिला से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने एसपी को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि टेनरी मोड़ चौकी इंचार्ज एएसआई यशवीर सिंह शराब के नशे में उसके घर में घुसा और अश्लील हरकतें करने के साथ गंदी गालियां दीं। महिला शनिवार को शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंची, लेकिन वहां से उसे सदर थाना भेज दिया गया।
16 जनवरी की रात की घटना
सदर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि 16 जनवरी की रात वह अपनी बहन और बच्चों के साथ घर पर मौजूद थी। देर रात टेनरी मोड़ चौकी इंचार्ज एएसआई यशवीर सिंह नशे की हालत में उसके घर पहुंचे। आरोप है कि पुलिसकर्मी जबरन घर में घुस गया और महिला के साथ अश्लील हरकतें करने लगा।
ये भी देखें :- Haryana Crime: आईजी ऑफिस के सामने से पुलिसकर्मी को उठाया, डायल 112 देखती रही
वाहन और साथियों का भी आरोप
पीड़िता के अनुसार, आरोपी पुलिसकर्मी वाहन नंबर HR 56 GV 1502 में आया था। उसके साथ चालक सहित तीन अन्य पुलिसकर्मी भी थे, जो घर के बाहर खड़े रहे। महिला का आरोप है कि एएसआई यशवीर ने उसकी बेटी को भी गंदी गालियां दीं और बदतमीजी की।
घटना के बाद महिला ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। महिला का कहना है कि कुछ समय बाद आरोपी का फोन आया और शिकायत न करने की धमकी दी गई।
सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़िता ने एसपी से आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
एसपी का बयान
जींद के एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 4–5 दिनों में जांच पूरी कर ली जाएगी।
ये भी पढे़ं :- मां काली की धरती को मां कामाख्या की भूमि से… मालदा में बोले पीएम मोदी

