Site icon Dainik Savera Times

महिला सुरक्षा को लेकर हरियाणा एक कदम आगे, कॉल करके महिलाओं का हालचाल पूछेगी पुलिस

Women Safety in Haryana : प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो। इसको लेकर अब पुलिस ने ट्रिप मॉनिटरिंग सुविधा शुरु की है। जिसके तहत रात में कैब ऑटो में सफर करने वाली महिलाएं 112 पर फोन कर इसकी सुविधा ले सकती हैं। हरियाणा पुलिस के जवान जीपीएस के माध्यम से महिला के ग्रुप को मॉनिटर करेंगे। आपात स्थिति में इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल को भेजा जाएगा।

पलवल जिले में महिलाओं को सुरक्षित सफर के लिए पुलिस ने ट्रिप मॉनिटरिंग सुविधा शुरु की है। रात में कैब, ऑटो में सफर करने वाली महिलाएं 112 पर फोन कर ट्रिप मॉनिटरिंग की सुविधा ले सकती हैं। सुविधा लेने के लिए महिला को सबसे पहले 112 पर फोन करना होगा और वेब आधारित फार्म के माध्यम से अपनी यात्रा का पंजीकरण करवाना होगा। सभी जानकारी देने के बाद महिला का ट्रिप शुरू होगा। हरियाणा पुलिस के जवान जीपीएस से महिला के ग्रुप को मॉनिटर करेंगे।

बता दें कि हर आधे और एक घंटे में कंट्रोल रूम से फोन कर महिला की कुशलक्षेम भी पूछी जाएगी। कैब या ऑटो बीच में रुकता है या फिर रूट में बदलाव होता है, तभी पुलिस महिला को फोन कर जानकारी हासिल करेगी। कुछ भी गलत होने पर सबसे पास स्थित पुलिस के इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल को भेजा जाएगा। इसके अलावा यात्री द्वारा साझा किए गए आपातकालीन नंबर पर भी संपर्क किया जाएगा। महिला का सफर सुरक्षित पूरा होने के बाद पुलिस फोन कर जानकारी लेगी।

इस सुविधा से महिला के स्वजन को भी परेशान नहीं होना पड़ेगा और महिला भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नहीं होगी। उन्होंने बताया कि महिलाओं को ट्रिप मॉनिटरिंग की सुविधा के बारे में पलवल पुलिस में तैनात महिला पुलिसकर्मी जगह-जगह जाकर महिलाओं को जागरूक कर रही है। ट्रिप मॉनिटरिंग की सुविधा होने से दिन हो या रात अब महिलाएं सुरक्षित सफर कर सकेंगी।

किसी भी परिवार की बेटी या अन्य कामकाजी महिला सदस्यों की सुरक्षा करना सरकार व पुलिस प्रशासन का परम कर्तव्य है। हरियाणा पुलिस द्वारा चलाई गई इस मुहिम के तहत आपके परिवार की हर महिला तथा बेटी घर से सुरक्षित निकलेगी और जब तक वह अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाती, पुलिस के संपर्क में रहेगी।

देखें Live Video :

Exit mobile version