हरियाणा डेस्कः हिसार शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आईजी ऑफिस जैसे हाई-प्रोफाइल इलाके के सामने से कुछ युवकों द्वारा एक पुलिसकर्मी को स्कॉर्पियो गाड़ी पर ही ले जाने की घटना सामने आई है। घटना के समय मौके पर डायल 112 की गाड़ी भी मौजूद थी, बावजूद इसके आरोपी बिना किसी डर के वाहन लेकर फरार हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना 14 जनवरी की रात की बताई जा रही है। आईजी चौक पर तैनात डायल 112 (ईआरवी) के पुलिसकर्मियों ने एक स्कॉर्पियो गाड़ी को रुकने का इशारा किया था, जिसकी छत पर कुछ युवक बैठे हुए थे। जब एक पुलिसकर्मी ने वाहन को रोकने के लिए गाड़ी के बोनट या छत की ओर हाथ बढ़ाया, तो चालक ने रुकने के बजाय अचानक गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी।
ये भी देखें :- शोपियां में कांग्रेस का ‘मनरेगा बचाओ’ कार्यक्रम
पुलिसकर्मी गाड़ी को रोकने की कोशिश में उस पर चढ़ ही गया था, लेकिन युवक उसे उसी हालत में कुछ दूरी तक साथ ले गए। बाद में युवकों ने पुलिसकर्मी को उतार दिया और मौके से फरार हो गए। मामले के तूल पकड़ने के बाद हिसार पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की है।
पुलिस प्रवक्ता विकास कुमार ने बताया कि यह पुलिसकर्मी को अगवा करने का मामला नहीं है, बल्कि पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए युवकों द्वारा वाहन भगाने की घटना है। उन्होंने कहा कि कुछ दूरी पर जाने के बाद पुलिसकर्मी को सुरक्षित उतार दिया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
ये भी पढे़ं :- Jammu Kashmir: कठुआ में सुरक्षाबलों का आतंकवाद पर कड़ा प्रहार, 3 आतंकी ठिकाने ध्वस्त

