Site icon Dainik Savera Times

हरियाणा पुलिस का बड़ा एक्शन: 1 करोड़ रुपए का 380 किलो गांजा बरामद, 6 आरोपी गिरफ्तार

हरियाणा डेस्क: होडल में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ रुपए कीमत के गांजे का जखीरा पकड़ा है। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), करनाल यूनिट की टीम ने थाना होडल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर एक कैंटर से कुल 380 किलो 402 ग्राम गांजा बरामद किया। इस कार्रवाई में तीन महिलाओं सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार एनसीबी की इस कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक ऋषिपाल सिंह ने किया। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों को तुरंत अदालत में पेश कर रिमांड पर ले लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में हिसार, हांसी और पानीपत के निवासी शामिल हैं। हांसी के प्रेम महतो, जो पहले से एनडीपीएस अधिनियम के तहत तीन मामलों में नामजद थे और जमानत पर बाहर थे, भी इस मामले में पकड़े गए। इसके अलावा उत्तम निवासी वार्ड नंबर-1, हांसी, सुमन निवासी गांव कुम्बा, जिला हिसार, वर्तमान में एम्प्लॉइज कॉलोनी, हांसी, सुंदरा निवासी मनाना रोड, समालखा, जिला पानीपत, माया निवासी गांव कुम्बा, जिला हिसार और राम किशन निवासी गांव बिशनपुरा, थाना सदर, जिला जींद को भी गिरफ्तार किया गया।

एनसीबी ने बताया कि यह गिरफ्तारी व्यापक जांच और निगरानी के बाद की गई। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने के लिए छापेमारी और पूछताछ जारी है। इस प्रकार की कार्रवाई से हरियाणा में नशे की तस्करी पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। स्थानीय प्रशासन ने भी इस बड़ी सफलता पर खुशी जताई और जनता से अपील की कि किसी भी तरह की नशीली सामग्री की जानकारी मिलते ही पुलिस को तुरंत सूचित करें।

Exit mobile version