Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा ने सौ फीसदी घरों में नल से स्वच्छ जल पहुंचाकर देश के सामने मिसाल पेश की: राजीव चंद्रशेखर

December 29, 2023

हरियाणा ने सौ फीसदी घरों में नल से स्वच्छ जल पहुंचाकर देश के सामने मिसाल पेश की: राजीव चंद्रशेखर

रेवाड़ी: केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को यहां कहा कि हरियाणा ने सौ फीसदी घरों में नल से स्वच्छ जल पहुंचाकर देश के सामने एक मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल पहुंचाने का काम जिन प्रदेशों में अधूरा है उनके लिए हरियाणा एक उदाहरण है, जिसने 2022 में यह काम पूरा कर लिया।

राजीव चन्द्रशेखर ने रेवाड़ी के रघुनाथपुरा और चंदूवास गांवों में जल जीवन मिशन (जेजेएम) की प्रगति की व्यापक समीक्षा की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार हरियाणा में जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से लागू कर प्रदेश के लोगों के जीवन में बदलाव ला रही है। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत हरियाणा में किये गए कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे दूसरे राज्यों को भी नसीहत मिलेगी।

बताते चलें कि 2019 में जब जल जीवन मिशन का शुभारंभ हुआ था तब तक 19.43 करोड़ ग्रामीण परिवारों में से सिर्फ 3.23 करोड़ परिवारों को ही नल से जल उपलब्ध हो पाया था। लेकिन मोदी सरकार की ओर से मिशन मोड में चल रही इस योजना के चलते अब 13 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से स्वच्छ जल मिलने लगा है।

राज्यमंत्री ने कहा कि जो काम 65 साल में नहीं हो पाया था वह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 2014 में देश की सत्ता संभालने के बाद कुछ ही वर्षों के दौरान कर दिखाया है। राजीव चंद्रशेखर केंद्र सरकार में इलेक्ट्राॅनिक्स एवं आईटी और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्यमंत्री भी हैं। उन्होंने महज एक महीने पहले जल शक्ति राज्य मंत्री का अतिरिक्त कार्यप्रभार संभाला है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें