हरियाणा डेस्क: भारत-पाक तनाव के बीच जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से की गई अकारण गोलीबारी में हरियाणा के पलवल जिले के जवान दिनेश कुमार शर्मा वीरगति को प्राप्त हो गए। देश के इस सपूत की पार्थिव देह आज उनके पैतृक गांव पहुंचेगी, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
-ऑपरेशन सिंदूर के बाद हुई घटना
सूत्रों के मुताबिक, यह घटना भारत की ओर से किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद हुई, जिसमें भारतीय वायुसेना ने पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया था। इसके जवाब में बौखलाए पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी तेज कर दी है, जिसमें दिनेश शर्मा समेत 5 जवानों को निशाना बनाया गया। अन्य चार घायल हैं और उनका उपचार जारी है।
दिनेश कुमार शर्मा, जो वर्तमान में जम्मू के बारामूला में तैनात थे, ने पाकिस्तान की ओर से की जा रही फायरिंग का बहादुरी से सामना किया और अपनी जान की आहुति देकर मातृभूमि की रक्षा की। उनके शौर्य और बलिदान पर पूरे देश को गर्व है।
-CM सैनी ने जताया शोक
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस दुखद घटना पर शोक जताते हुए कहा, “पलवल के वीर सपूत ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। पूरा प्रदेश और देश उनके इस अद्वितीय योगदान को हमेशा याद रखेगा।” उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर भी शहीद को श्रद्धांजलि दी।
विपक्षी दलों के नेता भी इस दुखद क्षण में पीछे नहीं रहे। कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, वरिष्ठ नेत्री कुमारी शैलजा और पूर्व सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने दिनेश शर्मा की शहादत को नमन करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। सुरजेवाला ने कहा, “हरियाणा के इस सपूत की वीरता को नमन। उनका बलिदान देश कभी नहीं भूलेगा।
-फायरिंग को लेकर सुरक्षा बल हाई अलर्ट
पुंछ में पाकिस्तान द्वारा लगातार हो रही फायरिंग को लेकर सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं। भारतीय सेना ने साफ किया है कि उनकी जवाबी कार्रवाई केवल आतंकी ठिकानों पर केंद्रित है, जबकि पाकिस्तान की सेना नागरिक क्षेत्रों को निशाना बना रही है, जो अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन है।
दिनेश कुमार शर्मा के अंतिम दर्शन के लिए आज पूरे क्षेत्र से भारी संख्या में लोग पलवल में एकत्र हो रहे हैं। उनके गांव में मातम के साथ-साथ गर्व का माहौल है। क्योंकि एक बेटे ने देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

