चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में राज्यस्तरीय सुशासन दिवस कार्यक्रम में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक दूरदर्शी राजनेता बताया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई महत्वाकांक्षी डिजिटल परियोजनाओं और पोर्टलों का भी शुभारंभ किया। इन पहलों में मानव संसाधन विभाग का सिक्योरिटी ऑफ सर्विस पोर्टल, नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के बुनियादी ढांचे से वंचित औद्योगिक क्षेत्रों की घोषणा के लिए आवेदन प्रस्तुत करने के लिए पोर्टल का शुभारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री ने सूचना जनसपंर्क एवं भाषा विभाग के प्रेस रिलीज मैनेजमेंट सिस्टम और ऑनलाइन प्रेस मान्यता का लोकार्पण भी किया। उन्होंने श्रम विभाग के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए एआई सक्षम इंस्टेंट पंजीकरण सिस्टम का लोकार्पण भी किया। इन पहलों का उद्देश्य सरकारी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, दक्षता और गति बढ़ाना, जनसेवाओं को अधिक सुलभ और नागरिकों के अनुकूल बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में नए वर्ष के कैलेंडर और सरकार की नीतियों और योजनाओं को प्रदर्शित करती एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, विधायक शक्ति रानी शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्र, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, सूचना जनसंपर्क भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, निदेशक पार्थ गुप्ता, अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) वर्षा खांगवाल और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...