Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा के 8 जिलों में ठंड का कहर, 10.0 डिग्री से नीचे गिरा तापमान, 13 जिलों में स्कूल हुए बंद

November 21, 2024

हरियाणा के 8 जिलों में ठंड का कहर, 10.0 डिग्री से नीचे गिरा तापमान, 13 जिलों में स्कूल हुए बंद

Haryana Weather : हरियाणा में ठंड लगातार बढ़ रही है। 8 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। हिसार में सीजन की सबसे ठंडी रात रही। यहां न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री गिरकर 7.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रोहतक में अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से 5.4 डिग्री कम है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। 22 और 23 नवंबर को कुछ स्थानों पर कोहरा छाने के आसार हैं। 23 नवंबर को पहाड़ों में पश्चिमी विक्षोभ अपना असर दिखा सकता है। इसका असर मैदानी इलाकों में ठंड के रूप में देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग ने 23 नवंबर तक कई जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत और पानीपत शामिल हैं। जबकि फतेहाबाद, हिसार और जींद में 21 से 23 नवंबर तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इधर, मंगलवार को भी घने कोहरे ने लोगों को परेशान किया। अंबाला में विजिबिलिटी जीरो पर पहुंच गई।

कई जिलों में विजिबिलिटी कम, 13 जिलों में स्कूल बंद

धुंध और बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए प्रशासन ने प्रदेश के 13 जिलों में 12वीं तक और एक जिले में 5वीं तक की कक्षाओं की छुट्टियां घोषित कर दी हैं। हरियाणा में प्रदूषण के चलते एनसीआर में शामिल 14 जिलों में से 13 रोहतक, भिवानी, पानीपत, जींद, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, पलवल, सोनीपत, नूंह, फरीदाबाद, गुरुग्राम झज्जर और करनाल में 5वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इन जिलों में ऑनलाइन कक्षाएं लगेंगी। गुरुग्राम-फरीदाबाद में 50 फीसदी कर्मचारियों को घर से काम करने की एडवाइजरी जारी की गई है।

हरियाणा में छह जिले ऐसे हैं, जहां 24 घंटे के दौरान AQI 300 से 400 के बीच दर्ज किया गया। इनमें चरखी दादरी सबसे ऊपर है, इसका AQI 354 पर पहुंच गया। इसके अलावा गुरुग्राम में AQI 374 दर्ज किया गया। सोनीपत, भिवानी, सिरसा, मानेसर, नारनौल, रोहतक का AQI भी 300 से अधिक रहा।

सुबह 6.59 बजे के प्रदूषण के आंकड़ों के अनुसार सिरसा सबसे प्रदूषित रहा। इसका AQI 521 दर्ज किया गया। दूसरे नंबर पर बहादुरगढ़ की हवा खराब रही। इसका AQI 472 दर्ज किया गया। इन दोनों शहरों के अलावा, रोहतक में 297, गुरुग्राम में 260, कैथल में 254, हिसार में 252, कुरुक्षेत्र में 223, नारनौल में 214, भिवानी में 204 और फरीदाबाद में 201 AQI दर्ज किया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें