Heat Intensifies in Haryana, Mercury Hits 39°C : अंबाला। हरियाणा-एनसीआर-दिल्ली में साफ आसमान और गर्म, शुष्क हवाओं के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। हिसार में पारा 39 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले दो दिन गर्मी जारी रह सकती है, जबकि 7 और 10 अक्टूबर के आसपास सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ से बारिश, तेज हवाओं और तापमान में गिरावट के आसार हैं।
सके चलते दिन और रात के तापमान में इजाफा हो रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो दिनों तक गर्मी का असर जारी रहने की संभावना है, जबकि इसके बाद लगातार सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ मौसम का मिजाज बदल सकते हैं। डॉ. चंद्रमोहन, नोडल अधिकारी, पर्यावरण क्लब, राजकीय महाविद्यालय नारनौल के अनुसार सोमवार को हिसार में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नारनौल में 38.5 डिग्री, जबकि भिवानी और महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
उन्होंने बताया कि फिलहाल अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा-एनसीआर-दिल्ली में मौसम में बदलाव की संभावना बन रही है। इसके चलते कई स्थानों पर तेज गति से हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने से मैदानी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और मेवात सहित दक्षिणी हरियाणा में मुख्य रूप से बादलों की आवाजाही के साथ कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है।
पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद, रोहतक और झज्जर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर छिटपुट ओलावृष्टि से भी इनकार नहीं किया जा सकता। सिरसा, फतेहाबाद, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, पलवल, गुरुग्राम, एनसीआर-दिल्ली और हिसार में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 7 अक्टूबर के आसपास सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ मुख्य रूप से हरियाणा के उत्तरी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। वहीं 10 अक्टूबर के आसपास सक्रिय होने वाले अगले पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव हरियाणा-एनसीआर-दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में देखने को मिल सकता है। इससे तापमान में गिरावट के साथ सुबह के समय मौसम में हल्की ठंडक लौटने की संभावना है।

