हिसार-राजगढ़ नेशनल हाईवे-52 पर गांव गैंडावास के पास सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। जयपुर से अमृतसर जा रही स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रैक्टर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर दूर जाकर पलट गया और बस भी बेकाबू होकर साथ चल रही कार पर उलट गई।
ये भी पढ़ें: क्या आप जानते है ‘होम लोन’ 5 तरह के होते हैं? आपके लिए कौन सा है बेहतर, आइए जानते है
हादसे में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार चालक और बस में सवार यात्रियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरातफरी मच गई और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। बस में सवार यात्री चीखते हुए बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। कई लोग खिड़कियां तोड़कर बाहर आए।
सूचना मिलते ही पुलिस, 112 एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों ने भी घायलों को निकालने में मदद की। सभी घायलों को सिवानी के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया। ट्रैक्टर चालक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हिसार रेफर कर दिया गया।
कार चालक नवीन श्योराण ने बताया कि वह राजगढ़ से हिसार जा रहा था, तभी बस ने अचानक टक्कर मार दी। “कुछ सेकंड के लिए होश उड़ गए, लेकिन गाड़ी के एयरबैग खुलने से जान बच गई,” उन्होंने कहा।
ग्रामीणों ने बताया कि इस जगह सड़क का मोड़ काफी संकरा है और आए दिन यहां हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से चेतावनी संकेतक और बैरियर लगाने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

