Site icon Dainik Savera Times

हिसार में नशा तस्करी का बड़ा खुलासा, 60 किलो गांजा बरामद

हिसार। नशा निरोधक विभाग की टीम ने वीरवार को दो अलग-अलग छापों में नशा तस्करों का बड़ा जाल फेल किया। इस दौरान कुल 60 किलो 980 ग्राम गांजा बरामद हुआ और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों की स्कार्पियो कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।

ये भी पढ़ें:

टीम प्रभारी उपनिरीक्षक इंदर सिंह ने बताया कि गांव काबरेल के नायक चौपाल के पास संदिग्ध स्कार्पियो को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में बैठे संदीप कुमार (झेरली, राजस्थान) और हरेंद्र उर्फ हैप्पी (बेरी, राजस्थान) के कब्जे से 20 किलो 310 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

वहीं, अग्रोहा के भूना रोड पर मोटरसाइकिल सवार दो अन्य व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी में उनके पास से 40 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपियों की पहचान मोनू और सागर (काबरेल) के रूप में हुई।

पुलिस इन चारों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि गांजे की सप्लाई नेटवर्क और स्रोत का पता लगाया जा सके। संदीप कुमार व हरेंद्र के खिलाफ थाना आदमपुर और मोनू व सागर के खिलाफ थाना अग्रोहा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध नशा तस्करी की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या नशा निरोधक विभाग को दें।

Exit mobile version