हरियाणा डेस्क। हिसार के आजाद नगर से एक साल पहले लापता हुई बालिका हर्षिता सोनी आखिरकार मिल गई है। स्टेट क्राइम पुलिस उसे लेकर हिसार पहुंची और फिलहाल कागजी कार्रवाई कर रही है। लड़की के परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी से उनकी बात हो चुकी है और वह फिलहाल हिसार पुलिस के पास है। हर्षिता के मिलने की खबर से परिवार में खुशी का माहौल है।
सोशल मीडिया से मिली बड़ी मदद
हर्षिता के पिता सुनील ने बताया कि वे लगातार अपनी बेटी की तलाश में सोशल मीडिया पर वीडियो डालते रहते थे। इंस्टाग्राम पर डाले गए एक वीडियो को देखकर दिल्ली के एक युवक ने उनसे संपर्क किया और बताया कि यह लड़की दिल्ली की एक कॉलोनी में रह रही है। युवक की सूचना के बाद पुलिस दिल्ली पहुंची और लड़की को वहां से बरामद कर लिया।
पिता ने सुनाई पूरी कहानी
पिता सुनील ने बताया कि वे पिछले एक साल से दिन-रात बेटी की तलाश कर रहे थे। इसके लिए वे विधायक, मंत्रियों और यहां तक कि मुख्यमंत्री तक से मिल चुके थे। उन्होंने बताया कि युवक ने जब उन्हें फोन किया तो उनकी उम्मीद जगी। युवक ने कहा कि उसने इंस्टाग्राम पर वीडियो देखा और उसी से पहचान हुई। इसके बाद वीडियो रिकॉर्डिंग लेकर वे स्टेट क्राइम के अधिकारी राजेश के पास पहुंचे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और हर्षिता को दिल्ली से लाकर हिसार पहुंचा दिया।
पिता ने यह भी कहा कि इस तलाश में छत्रपाल सोनी उनकी बहुत मदद कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इसलिए बेटी के मिलने के बाद सबसे पहले वे उसे छत्रपाल सोनी के घर लेकर जाएंगे और फिर अपने घर लौटेंगे।
मांं ने कहा- एक साल तक कोई त्योहार नहीं मनाई
हर्षिता की मां ने कहा कि बेटी की तलाश में उन्होंने एक साल से घर की दहलीज तक नहीं देखी। छोटे भाइयों ने लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट डालीं, जिनका बड़ा असर हुआ। उन्होंने कहा कि जब बेटी की आवाज सुनी तो वे रोने लगीं, लेकिन बेटी ने उन्हें ढांढस बंधाया और कहा – “मैं ठीक हूं, रोओ मत।” मां ने बताया कि पिछले एक साल में उन्होंने कोई त्योहार, यहां तक कि दिवाली भी नहीं मनाई। बेटी के मिलने को उन्होंने परिवार का “दूसरा जन्म” बताया।
सोशल मीडिया पर लगातार डालते रहे पोस्ट
परिजनों ने कहा कि हर्षिता के छोटे भाइयों ने हार नहीं मानी। वे लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट डालते रहे। जब परिवार चंडीगढ़ गया था, तब बच्चों ने इतनी मेहनत की कि उनके पैरों में खून तक निकल आया, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी।
परिवार ने पुलिस का किया धन्यवाद
पूरे परिवार ने स्टेट क्राइम टीम के अधिकारी राजेश और सभी पुलिस अधिकारियों का दिल से आभार जताया। परिवार का कहना है कि सोशल मीडिया और पुलिस की मेहनत से ही उनकी बेटी वापस मिली है।

