Site icon Dainik Savera Times

हिसार जिले के गांव में मजदूर महिला से दुष्कर्म, आरोपी पर केस दर्ज

हिसार। जिले के एक गांव में कामकाजी महिला के साथ दुष्कर्म और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें सार्वजनिक करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान बजरंग पुत्र इन्द्र, निवासी संबंधित गांव, के रूप में हुई है।

ये भी पढ़ें: इंद्री वार्ड-2 आग हादसा : देर रात लगी भीषण आग से भारी नुकसान

महिला को झांसा देकर ले गया था दूसरी दिशा में

शिकायत के अनुसार, पीड़िता सितंबर 2025 में फैक्टरी जाने के लिए बस अड्डे पर इंतजार कर रही थी। उसी दौरान गांव का युवक बजरंग बाइक से वहां पहुंचा और महिला को फैक्टरी तक छोड़ने का प्रस्ताव दिया। विश्वास में आकर महिला बाइक पर बैठ गई। लेकिन रास्ते में आरोपी ने वाहन फैक्टरी की बजाय कालीरावण गांव की दिशा में मोड़ लिया। जब महिला ने वजह पूछी, तो आरोपी ने कहा कि उसे गांव में एक जरूरी काम निपटाना है, जिसके बाद वह उसे फैक्टरी पहुंचा देगा।

चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर किया बेहोश

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे बातचीत के दौरान अपने भरोसे में लेकर चाय पिलाने ले गया, जिसमें नशीला पदार्थ मिलाया गया था। चाय पीते ही वह बेहोश हो गई। इसके बाद बजरंग उसे अग्रोहा मोड़ स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसने कथित तौर पर दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील तस्वीरें खींचीं। होश में आने पर आरोपी ने उसे धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो वह तस्वीरें सार्वजनिक कर देगा।

27 अक्टूबर को वायरल की तस्वीरें

पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, 27 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला ने अपने पति के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

जल्द होगी गिरफ्तारी: पुलिस

पुलिस प्रवक्ता विकास ने बताया कि दर्ज शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करेगी।

Exit mobile version