Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

HSGMC के जरनल हाऊस ने सर्वसम्मति से जत्थेदार भूपिंदर सिंह असंध को फिर चुना प्रधान

March 28, 2024

HSGMC के जरनल हाऊस ने सर्वसम्मति से जत्थेदार भूपिंदर सिंह असंध को फिर चुना प्रधान

कुरुक्षेत्र : वार्षिक बजट पास करने के लिए हरियाणा सिख गुरु द्वारा मैनेजमैंट कमेटी के जरनल हाऊस की रखी गई बैठक में सदस्यों ने उल्ट फेर कर नई कार्यकारिणी समिति का चयन किया। बैठक में हुए उल्ट फेर की पुष्टि करते हुए प्रधान जत्थेदार भूपिंदर सिंह असंध ने पत्रकारों को बताया कि सुदर्शन सिंह सहगल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, बीबी रविंदर कौर अजराना को कनिष्ठ उपप्रधान, सुखिवंदर सिंह मंडेबर को महासचिव, गुलाब सिंह मूनक को संयुक्त सचिव बनाया गया है। इसके अलावा जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल, जत्थेदार जगसीर सिंह मांगेआना, बलदेव सिंह खालसा, सुदर्शन सिंह गावडी, तिजंदरपाल सिंह अंबाला और तिजंदर सिंह नारनौल को कार्यकारिणी समिति सदस्य चयनित किया गया है।

इसके साथ ही धर्म प्रचार की कमान जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल को सौंपी गई, जबकि कवलजीत सिंह अजराना को हरियाणा कमेटी का प्रवक्ता घोषित किया गया। जनरल हाऊस ने एक्ट अनुसार प्रधान का चयन करवाने के लिए सदस्य सुदर्शन सिंह सहगल को सभापति नियुक्त किया। सुदर्शन सिंह सहगल ने प्रधान प्रत्याशी के लिए नाम मांगे, जिस पर केवल जत्थेदार भूपिंदर सिंह असंध का ही नाम आया और जनरल हाऊस के सभी सदस्यों ने कार्यकारी से स्थाई प्रधान चयनित कर लिया। इसके उपरांत प्रधान ने अपनी जिम्मेदारी संभाली और समूह कार्यकारिणी की चयन करवाया। जब महासचिव के पद के लिए रमणीक सिंह मान का नाम घोषित किया गया, तो उनके विरोध में एक मैंबर ने सुखिवंदर सिंह मंडेबर का नाम सुजाया।

इस पर रमणीक सिंह मान को चार सदस्यों ने समर्थन दिया, जबकि शेष सभी सदस्यों ने सुखिवंदर सिंह मंडेबर को हरियाणा कमेटी का महासचिव चुन लिया। महासचिव का पद हाथ से जाने के बाद रमणीक सिंह मान, बाबा गुरमीत सिंह तिलोकेवाला, मोहनजीत सिंह पानीपत, विनर सिंह साहा व गुरबखश सिंह यमुनानगर जनरल हॉऊस का वॉक आऊट कर वहां से चले गए। इसके उपरांत कार्यकारिणी समिति के शेष सदस्यों का चयन सर्वसम्मति से किया गया। नई कार्यकारिणी समिति का चयन होने के उपरांत हरियाणा सिख गुरु द्वारा मैनेजमैंट कमेटी का वार्षिक बजट भी सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। भविष्य में किए जाने वाले कार्यों का उल्लेख करते हुए जत्थेदार असंध ने बताया कि धर्म प्रचार की लहर को तेज किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें