Site icon Dainik Savera Times

करनाल में 12 एकड़ से कब्जा हटवाने के लिए एचएसआईआईडीसी ने चलाया बुलडोजर

करनाल : करनाल में 12 एकड़ अवैध कब्जे को हटवाने के लिए एचएसआईआईडीसी ने बुलडोजर चलाया। करीब 12 एकड़ में बने सुभाष चंद्रिका बैंक्वेट हाल और अन्य निर्माणों को अर्थ मूविंग मशीनों की मदद से ढहा दिया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। जमीन से कब्जा हटवाने की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और किसी तरह का विरोध सामने नहीं आया। कार्रवाई की शुरुआत मशीन से गेट गिराकर की गई। इसके बाद एक-एक कर पूरे क्षेत्र में बने अवैध ढांचों को ध्वस्त किया गया।

विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभाग की ओर से कब्जाधारियों को पहले ही नोटिस जारी किए गए थे। इन नोटिसों का कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके चलते विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई शुरू की। विभाग के अफसरों ने बताया कि इस मामले को लेकर हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की गई थी, जोकि खारिज हो गई। इसके बाद हाईकोर्ट की ओर से जारी आदेशों के तहत अब विभाग ने कार्रवाई करते हुए कब्जा मुक्त कराया है। अफसरों ने साफ कहा कि आगे भी इस तरह के अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

2009 में अधिग्रहित की थी 231 एकड़ जमीन

अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2009 में एचएसआईआईडीसी ने कुल 231 एकड़ जमीन अधिग्रहित की थी। इसमें से करीब 12 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जा कर सुभाष चंद्रिका बैंक्वेट हाल बना लिया गया था, जिसे अब पूरी तरह हटाया गया है।

Exit mobile version