हरियाणा डेस्क: महेंद्रगढ़ जिले के चेलावास गांव में शुक्रवार शाम को जमीन के विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। पारिवारिक कलह के चलते एक पोते ने अपने ही दादा की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल फैल गया है।
-चल रहा था जमीन के बंटवारे पर तनाव
जानकारी के अनुसार, मृतक दयानंद (उम्र करीब 75 वर्ष) के परिवार में लंबे समय से जमीन के बंटवारे और कर्ज चुकाने को लेकर तनाव चल रहा था। शुक्रवार को जब दयानंद घर के आंगन में चारपाई पर विश्राम कर रहे थे, तभी उनके बड़े बेटे का पुत्र नरेंद्र वहां कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और सोते हुए दयानंद पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
शोर सुनकर दयानंद के छोटे बेटे विनोद कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने नरेंद्र को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की। किसी तरह जान बचाकर विनोद ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। गंभीर रूप से घायल दयानंद को आनन-फानन में कनीना के उप-नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
-मौके पर पहुंची पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी नरेंद्र को तुरंत हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गहनता से जांच की जा रही है और परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना ने चेलावास गांव को झकझोर कर रख दिया है। सभी लोग इस पारिवारिक विघटन पर गहरी चिंता जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: बॉर्डर इलाके की किराना दुकान में बन रहा था फर्जी Aadhaar, छापेमारी में 400 कार्ड बरामद

