Site icon Dainik Savera Times

त्योहारों और प्रस्तावित आंदोलन के मद्देनजर अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर सघन सुरक्षा जांच

अंबाला छावनी : आगामी त्योहारों तथा दिल्ली में प्रस्तावित आंदोलन के मद्देनजर अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से शनिवार को विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया। सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चले इस अभियान में रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस, अपराध खुफिया शाखा, बम निरोधक दस्ता, श्वान दस्ता और आतंकवाद निरोधक दस्ते के कर्मचारियों ने भाग लिया।

यात्रियों को किया जागरूक

सुरक्षा जांच के दौरान यात्रियों को सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या राजकीय रेलवे पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया। यात्रियों को रेलवे सहायता नंबर 139 पर सूचना देने के बारे में भी बताया गया। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही और दिल्ली में प्रस्तावित आंदोलन को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस आपसी समन्वय से स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Exit mobile version