Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

जाली नियुक्ति पत्र देकर लाखों की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 3 शातिर ठग गिरफ्तार

May 22, 2026

जाली नियुक्ति पत्र देकर लाखों की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 3 शातिर ठग गिरफ्तार

अंबाला शहर : अंबाला एसपी अजीत सिंह शेखावत के निर्देशानुसार अंबाला पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने के नाम पर मासूम युवाओं से लाखों रुपए की ठगी करने वाले एक बेहद शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और गुप्त सूचना तंत्र की मदद से गिरोह के तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

मिली जानकारी के अनुसार लाडवा क्षेत्र के अजय कुमार निवासी गांव धनोरा जाटान जिला कुरुक्षेत्र को 12 मई 2026 को गिरफ्तार कर 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। आरोपी के खिलाफ पहले भी दिल्ली में इसी तरह का मामला दर्ज है और वह फिलहाल जमानत पर चल रहा था। वहीं सुनील कुमार उर्फ साहिल उर्फ रोहन निवासी पाना चूडान गांव बदली जिला झज्जर को बीते 15 मई 2026 को गिरफ्तार कर 4 दिन के रिमांड के बाद जेल भेजा जा चुका है।

वारिस आलम उर्फ समीर निवासी गांव कन्हारिया, रामनगर, पूर्णिया, बिहार हाल निवासी दिल्ली को भी 17 मई 2026 को गिरफ्तार कर 4 दिन के रिमांड पर लिया गया था। इस मामले में आरोपी अजय कुमार और वारिस आलम को रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद शुक्रवार को दोबारा माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें भी न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया है।

इस बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने में आर्थिक अपराध शाखा के इंस्पेक्टर परमवीर सिंह के नेतृत्व में सहायक सब इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह, सहायक सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार और सब इंस्पेक्टर सुल्तान सिंह की टीम ने अत्यंत सराहनीय व मुस्तैदी भरी कार्रवाई की है।  इंस्पेक्टर परमवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच अभी बारीकी से जारी है। इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया गया है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

सरकारी नौकरी के इस पूरे फर्जीवाड़े में आरोपियों ने किया बहुत ही अनोखा व शातिर तरीका इस्तेमाल:

इस पूरे फर्जीवाड़े की शिकायत सोहन लाल निवासी गांव बब्याल अंबाला व अन्य पीड़ितों द्वारा 21 अप्रैल 2025 को थाना महेश नगर में आरोपी योगेश शर्मा व अन्य के खिलाफ दर्ज कराई गई थी। आरोपियों ने सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने के नाम पर इन लोगों से करीब 60 लाख रुपए ठगे थे। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अब तक लगभग 40 लोगों से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी कर चुका है। बता दें कि इन आरोपियों द्वारा ठगी का अनोखा और शातिर तरीका इस्तेमाल किया जा रहा था।

पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी खुद की सरकारी विभागों में ऊंची पहुंच बताते थे। युवाओं को फंसाने के लिए वे उन्हें फर्जी जॉइनिंग लेटर (नियुक्ति पत्र) थमा देते थे। युवाओं को शक न हो, इसके लिए आरोपी उन्हें किसी भी स्थान पर 2 या 3 महीने के लिए काम पर लगा देते थे और उन महीनों की सैलरी (वेतन) खुद अपनी जेब से देते थे। इससे पीड़ित को लगता था कि उसकी नौकरी पक्की हो गई है और गिरोह की ठगी पकड़ी नहीं जाती थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें