JE Arrested for Taking ₹4,000 Bribe : करनाल। खराब ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए बिजली निगम के चक्कर काट रहे एक व्यक्ति से रिश्वत मांगना जूनियर इंजीनियर को भारी पड़ गया। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की करनाल टीम ने उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के जुंडला कार्यालय में तैनात जेई हरदीप सिंह को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
टीम ने रिश्वत की पूरी रकम भी मौके से बरामद कर ली। जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता की कृषि भूमि पर लगा ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। इसे बदलवाने के लिए उसने यूएचबीवीएन के एसडीई ऑपरेशन कार्यालय, जुंडला में लिखित आवेदन दिया था। आरोप है कि ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया पूरी करने के बदले वहां तैनात जूनियर इंजीनियर हरदीप सिंह ने उससे 4 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एसीबी को दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी करनाल की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी जेई को एसडीई ऑपरेशन कार्यालय में शिकायतकर्ता से 4 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरदीप सिंह पुत्र चंद्रभान, निवासी हरिपुरा, सेक्टर-19, कैथल के रूप में हुई है।
वह यूएचबीवीएन के जुंडला कार्यालय में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। मामले में थाना एसवी एंड एसीबी करनाल में एफआईआर नंबर 31, दिनांक 6 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 7ए के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगामी जांच जारी है। एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत जरूर दर्ज करवाएं। इसके लिए ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है। ऐप पर शिकायत के साथ फोटो, वीडियो, ऑडियो और पीडीएफ दस्तावेज भी अपलोड करने की सुविधा उपलब्ध है।
इसके अलावा भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 और 1800-180-2022 पर भी की जा सकती है। नागरिक व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 के माध्यम से भी अपनी शिकायत भेज सकते हैं। ब्यूरो ने कहा कि सरकारी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के लिए भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

