हरियाणा के झज्जर जिले के बेरी कस्बे के बैठान पाना मोहल्ले में शुक्रवार को एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान कृष्णा देवी पत्नी रघुवीर सिंह के रूप में हुई है। महिला का शव दो दिन बाद उनके ही घर से चद्दर में लिपटा हुआ सड़ी हालत में मिला।
प्राथमिक जांच में हत्या के पीछे मृतका के छोटे बेटे कर्मबीर का नाम सामने आया है, जो वारदात के बाद से फरार है। बताया जा रहा है कि वह नशे का आदी था और आए दिन मां से झगड़ता रहता था।
बड़े बेटे ने पुलिस को दी सूचना
मृतका का बड़ा बेटा धर्मपाल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में श्रीनगर में तैनात है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि वह ड्यूटी पर था और दो दिन से मां से बात नहीं हो पा रही थी। जब छोटे भाई से भी संपर्क नहीं हुआ, तो उसने अपने दादा जगबीर सिंह को घर जाकर देखने के लिए कहा।
जब जगबीर सिंह मौके पर पहुंचे तो मुख्य गेट अंदर से बंद था, जबकि पीछे की गली वाले गेट पर बाहर से कुंडी लगी हुई थी। ताले की चाबी वहीं कूलर पर रखी मिली। जब दरवाजा खोला गया तो कमरे से तेज बदबू आ रही थी। अंदर का नजारा देखकर हर कोई सन्न रह गया—कृष्णा देवी का शव चद्दर में लिपटा हुआ था और सड़ चुका था।
दो दिन से नहीं आई थीं बाहर
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि कृष्णा देवी प्रतिदिन सुबह-शाम मंदिर जाया करती थीं, लेकिन पिछले दो दिनों से वह न तो मंदिर गईं, न ही घर से बाहर निकलीं। जब पड़ोसियों ने घर के आसपास देखा तो बदबू महसूस हुई, जिससे शक गहराया और हत्या की बात सामने आई।
मौके से मिला एक नोट, आरोपी ने लिखा ‘मैंने ही मारा है’
पुलिस को घटनास्थल से एक हस्तलिखित नोट भी मिला है, जिसमें आरोपी बेटे कर्मबीर ने अपनी मां की हत्या करने की बात लिखी है। हालांकि पुलिस इस नोट की सत्यता की जांच कर रही है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
बेरी पुलिस चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर सतबीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
नशे में डूबा बेटा बना ‘हत्यारा’
स्थानीय सूत्रों और परिवार के लोगों के अनुसार, कर्मबीर पिछले कुछ समय से नशे का आदी हो चुका था। मां के साथ उसका व्यवहार ठीक नहीं था और वह अक्सर झगड़ा करता था। फिलहाल वह फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
अंतिम संस्कार से पहले पुलिस करेगी पोस्टमार्टम
महिला के शव का शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया की जाएगी। पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है।

