जींद। नगर परिषद द्वारा आठ माह पहले बनाई गई सीसी सड़क सोमवार को अचानक करीब आठ फीट तक धंस गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। संयोग से उसी वक्त सड़क पर गुजर रहा एक ट्रक झुकने के बावजूद पलटने से बच गया, जिसके बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग मौके पर पहुंचे और सुरक्षा के लिए दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर दी गई। मौके पर पहुंचे आम आदमी पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रजनीश जैन, कांग्रेस जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर, कांग्रेस नेता महावीर कंप्यूटर और प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल ने सड़क निर्माण को लेकर नगर परिषद पर गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया।
डॉ. राजकुमार गोयल ने कहा कि जींद में सड़कों के धंसने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो यह साबित करती हैं कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की पूरी अनदेखी की जा रही है। वहीं, कांग्रेस नेता ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि यह घटना जनता के पैसे की बर्बादी की जीती-जागती मिसाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि “भाजपा सरकार सिर्फ वोट चोर नहीं, मिट्टी चोर भी है।”
AAP प्रदेशाध्यक्ष डॉ. जैन ने कहा कि सड़क ध्वस्त होने से लोगों में काफी रोष है। उन्होंने कहा कि यह मामला विभागीय निगरानी और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता दोनों पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। महावीर कंप्यूटर ने बताया कि उन्होंने इस सड़क के निर्माण को लेकर महीनों तक विरोध दर्ज कराया था, बावजूद इसके घटिया सामग्री से इसका निर्माण किया गया।
सड़क धंसने के बाद पुरानी अनाजमंडी से लेकर रानी तालाब अंडरपास तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से ट्रैफिक सुचारू कराने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

