कैथल। पोलड़ और कांगथली गांव के बीच स्थित बिजली प्लांट के पास रविवार दोपहर अचानक तेज लपटें उठीं। कुछ ही मिनटों में पराली के बड़े ढेर जलकर राख में बदल गए। कर्मचारियों ने आग को काबू करने की कोशिश की, लेकिन बढ़ती लपटों ने प्रयास नाकाम कर दिए।
ये भी पढ़ें: दिल्ली का AQI लेवल अभी भी ‘खराब’, नेहरू नगर में सबसे ज़्यादा, NSIT द्वारका में रहा सबसे कम
इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना भेजी गई। दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। करीब एक घंटे की कार्रवाई के बाद लपटें शांत की गईं। दमकल केंद्र इंचार्ज नरेश कुमार के अनुसार, नुकसान लाखों रुपये से अधिक हो सकता है।
कारणों की जांच शुरू
सूचना मिलते ही सीवन थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एडिशनल एसएचओ संदीप कुमार ने बताया कि नुकसान का पूरा आकलन किया जाएगा। वहीं, टीम आग लगने की वजह तलाशने के लिए साक्ष्य जुटा रही है।
घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
हाल ही में केलरम गांव में पराली के ढेरों में लगी भीषण आग ने पांच से छह एकड़ क्षेत्र को घेर लिया था। लपटें इतनी तेज थीं कि करोड़ों की पराली चंद मिनटों में राख बन गई थी। कई दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं।
उधर, 28 नवंबर को करनाल रोड स्थित फाइनेंस कार्यालय में ट्रांसफॉर्मर शॉर्ट-सर्किट से आग भड़क गई थी। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। इस घटना में एसी, लैपटॉप और जरूरी दस्तावेज जल गए थे। कंपनी को करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ था।