कैथल। कपिस्थल के गांव थेह बनेड़ा निवासी मलुका राम ने सरपंच के डर से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पत्नी मीरा देवी की शिकायत पर गांव थेह बनेड़ा के सरपंच रामपाल के विरुद्ध चीका थाना में केस दर्ज कर लिया है।
सरपंच के देने थे चार हजार रुपये
शिकायत में बताया कि उसका पति मजदूरी करता था। पांच दिन पहले उसके पति और गांव के सरपंच का पैसों के लेन देन को लेकर झगड़ा हो गया था। झगड़े में उसके पति को चोट भी लगी थी। शिकायत के अनुसार उसके पति को सरपंच के चार हजार रुपये देने थे। इसके बाद गांव में ही पंचायती तौर पर फैसला भी हो गया था। आरोप है कि पंचायत होने के बाद रामपाल ने उसके पति को जान से मारने की धमकी दी थी। इस कारण से उसका पति मानसिक तौर पर परेशान था।
बिना बताए निकल गया था घर से
शुक्रवार को सुबह उसका पति सरपंच की तरफ से दी गई धमकी से परेशान हाेकर घर से बिना बताए चला गया था। दोपहर करीब तीन बजे उसके पति ने सिनेमा रोड रविदास मंदिर के पास जहरीला पदार्थ खा लिया था। राहगीरों ने डायल 112 को सूचना दी और पुलिस की टीम ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया था। करीब चार बजे अस्पताल से पत्नी के पास फोन आया कि आपके पति ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। वह उसी समय अस्पताल में पहुंची और वहां से उसके पति को राजेंद्रा अस्पताल पटियाला रेफर कर दिया था। वहां इलाज के दौरान उसके पति की मौत हो गई।
पत्नी का सरपंच परिवार पर आरोप
आरोप है कि उसके पति ने आरोपी सरपंच रामपाल और सरपंच के दोनों बेटों से परेशान होकर आत्महत्या की है। मृतक अपने पीछे दस और आठ साल के दो बेटों सहित पत्नी को छोड़ गया है। चीका थाने के एसआई विजय कुमार का कहना है कि मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर सरपंच के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Also Read :

