Site icon Dainik Savera Times

कलायत में मटौर रोड पर हमला, व्यक्ति घायल — पुलिस ने दर्ज किया केस

कैथल। कलायत के मटौर रोड पर शुक्रवार शाम एक व्यक्ति पर हुए हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीता नगर, कलायत निवासी वीरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 2 नवंबर की शाम करीब 5:30 बजे वह मटौर रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान मनदीप और उसके कुछ साथियों ने उसका रास्ता रोक लिया और उस पर डंडों व गंडासियों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वीरेंद्र घायल हो गया और किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकला।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। स्थानीय लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

कलायत थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मनदीप सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहनता से जांच जारी है।

Exit mobile version