Site icon Dainik Savera Times

असंध में दर्दनाक सड़क हादसा, डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत

करनाल/असंध। कैथल-असंध मार्ग पर शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गांव खेड़ीसर्फ़ली के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार डंपर ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक भी डंपर से टकरा गई, जिसमें सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को असंध के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे असंध के वार्ड-15 निवासी कृष्ण कुमार कैथल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह खेड़ीसर्फ़ली गांव के पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कृष्ण कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस बीच गांव बस्सी निवासी अभिषेक और राजेश की बाइक भी उसी डंपर से टकरा गई, जिससे दोनों घायल हो गए।

हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भिजवा दिया। थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मृतक कृष्ण कुमार कैथल में ड्राइवरी का काम करते थे। हादसे से आधे घंटे पहले ही उन्होंने पत्नी से फोन पर बात कर घर आने की सूचना दी थी। परिवार को अचानक इस दुर्घटना की खबर मिलते ही कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी ने बताया कि उनकी एक साल की बेटी है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया है।

Exit mobile version