करनाल। शहर के कई इलाकों में लगातार उठता धुआं हवा की गुणवत्ता को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहा है। रविवार को निगम कार्यालय के पास और मॉल क्षेत्र के पीछे कूड़े व सूखी झाड़ियों में लगी आग ने माहौल खराब कर दिया। सोमवार को शिव कॉलोनी में तारों में लगी आग से निकला धुआं भी हवा को और दूषित कर गया।
ये भी पढ़ें: नई स्टडी: बच्चों में जानलेवा कैंसर के इलाज में असरदार साबित हुआ नया ड्रग
कूड़ा जलाने या झाड़ियों में आग लगाने वालों पर अब तक किसी विभाग ने कार्रवाई नहीं की है। स्थानीय लोग लगातार शिकायत कर रहे हैं कि धुआं घरों और गलियों तक पहुंच रहा है।
सोमवार को करनाल का वायु गुणवत्ता सूचकांक 194 दर्ज किया गया। यह स्तर पड़ोसी जिलों से काफी ज्यादा रहा। अंबाला का एक्यूआई 108, चंडीगढ़ 156, कैथल 102 और यमुनानगर 163 रिकॉर्ड किया गया। शहर में पीएम 2.5 और पीएम 10 कण औसत सीमा से ऊपर मिले, जिससे सांस संबंधी जोखिम बढ़ गया।
नवंबर में केवल नौ दिन हवा सामान्य श्रेणी में रही। उन्नीस दिन एक्यूआई 200 से 300 के बीच रहा। वहीं दो दिन हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंची, जब एक्यूआई 300 से ऊपर दर्ज हुआ।
हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ रणदीप सिंधू ने बताया कि प्रदूषण को रोकने के लिए 32 विभागों को दिशा-निर्देश भेजे जा चुके हैं। टीम के पास शिकायत आने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। नियम तोड़ने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

