Karnal Civic Body Tightens Anti-Pollution Drive : करनाल। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के आदेशों तथा हरियाणा सरकार के शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निर्देशों की अनुपालना में नगर निगम करनाल द्वारा शहर में वायु प्रदूषण नियंत्रण एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विशेष त्रि-स्तरीय निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा के निर्देशानुसार तैयार किए गए एक्शन प्लान के तहत खुले में बायोमास जलाने, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों की अवहेलना, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने तथा निकाय ठोस कचरे को अवैध रूप से फेंकने जैसी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अभियान के अंतर्गत नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध चालान एवं जुर्माना लगाने के साथ-साथ सड़कों और गलियों में अवैध रूप से पड़े निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट को उठाकर निर्धारित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। निगम की टीमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण कर कार्रवाई कर रही हैं।
अब तक विभिन्न क्षेत्रों में 46 चालान कर 26,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही, करीब 40 ट्रॉली निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट उठाकर निर्धारित सेकेंडरी डंपिंग प्वाइंट्स पर पहुंचाया गया है। नगर निगम की निगरानी एवं प्रवर्तन टीमों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े चार प्रमुख बिंदुओं पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। निगमायुक्त ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी तथा निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली अवहेलना पर नियमानुसार चालान एवं जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम की ओर से निर्धारित चारों जोन की प्रत्येक बीट में सफाई व्यवस्था की जांच की जाएगी। इसके लिए संबंधित सफाई दरोगा/सुपरवाइजर, जोन प्रभारी, नोडल अधिकारी के रूप में मुख्य सफाई निरीक्षक या स्वच्छता अधिकारी तथा ओवरऑल इंचार्ज के तौर पर अतिरिक्त निगम आयुक्त औचक निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, क्षेत्र में नियमित सफाई, कचरे का उठान, सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता और निर्धारित बीट में सफाई कार्य की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस त्रि-स्तरीय निगरानी व्यवस्था का उद्देश्य जिम्मेदारी तय करना, सफाई कार्य में नियमितता लाना तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही को समय रहते दूर करना है।
मुख्य मार्गों की मशीनीकृत सफाई एवं वायु गुणवत्ता सुधार पर विशेष जोर।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन को लेकर तैयार एक्शन प्लान के तहत शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर मशीनीकृत रोड स्वीपिंग मशीनों से सफाई करवाई जा रही है। धूल नियंत्रण एवं सड़क सफाई कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के निरीक्षण लक्ष्य भी निर्धारित किए गए हैं। इसके अनुसार संबंधित सुपरवाइजर, जोन प्रभारी, कनिष्ठ अभियंता तथा मुख्य सफाई निरीक्षक या स्वच्छता अधिकारी प्रतिदिन 5 निरीक्षण करेंगे। सहायक अभियंता सप्ताह में 5 निरीक्षण तथा कार्यकारी अभियंता माह में 5 औचक निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान रोड स्वीपिंग मशीनों की कार्यप्रणाली, निर्धारित मार्गों पर सफाई, धूल नियंत्रण तथा कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया जाएगा।

