Site icon Dainik Savera Times

करनाल में ई-स्कूटर में लगी आग, छात्रा बाल-बाल बची

करनाल के सेक्टर-13 और 14 के बीच वीरवार को एक ई-स्कूटर अचानक आग की चपेट में आ गया। स्कूटर चला रही छात्रा बाजार से किताबें लेने जा रही थी। रास्ते में स्कूटर की सीट के नीचे से धुआं उठता देख छात्रा ने तुरंत वाहन सड़क किनारे रोक दिया। कुछ ही पलों में स्कूटर से आग की लपटें उठने लगीं और महज 10 मिनट में पूरा ई-स्कूटर जलकर राख हो गया।

स्थानीय लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। घटना की सूचना पुलिस और छात्रा के घरवालों को दी गई। मौके पर पहुंचे छात्रा के भाई युवराज ने बताया कि यह ई-स्कूटर उन्होंने करीब चार साल पहले खरीदा था। उनका अनुमान है कि बैटरी की खराबी से आग लगी होगी। आग से सीट सहित स्कूटर का बीच का हिस्सा पूरी तरह जल गया।

स्थानीय निवासी हरजीत और रमनजीत सिंह का कहना है कि ई-स्कूटरों के लिए मानक तय होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि इस तरह की घटनाएं पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं। गर्मी के मौसम में बैटरी ज्यादा गर्म हो जाती है, जिसके चलते वह लोड नहीं उठा पाती और आग लगने की संभावना बढ़ जाती है।

Exit mobile version