Site icon Dainik Savera Times

करनाल में रुपयों के लेन-देन को लेकर चाकूबाजी, मामा-बुआ के बेटों के बीच विवाद में चार घायल

करनाल। चांद सराय इलाके में सोमवार की रात रुपयों के लेन-देन को लेकर मामा और बुआ के बेटों के बीच शुरू हुआ झगड़ा हिंसक रूप ले बैठा। दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें बचाव के लिए पहुंचे लोगों समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

घायल युवक शाहरुख की बहन ने बताया कि उसका भाई अपनी बुआ के घर रुपये लेने गया था, तभी बुआ के बेटों ने उस पर चाकूओं से हमला कर दिया। जब वह खुद वहां पहुंची तो उसे भी लात और ईंट से मारा गया। बहन का कहना है कि शाहरुख और हसीन के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था।

वहीं, दूसरे पक्ष के युवक हसीन ने आरोप लगाया कि शाहरुख अक्सर शराब के नशे में उनके घर आता है और झगड़ा करता है। उन्होंने कहा कि शाहरुख चोरी और लूटपाट के मामलों में शामिल रहा है और उस पर पहले से केस दर्ज हैं। हसीन के मुताबिक, झगड़े के दौरान शाहरुख ने उसके सिर पर चाकू से वार किया।

जांच अधिकारी राम अवतार ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दी हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version