Site icon Dainik Savera Times

करनाल के घरौंडा क्षेत्र में महिला ने शादी का झांसा देकर शोषण का लगाया आरोप

करनाल/घरौंडा। घरौंडा थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी है कि सोशल मीडिया पर पहचान बनाने वाले एक युवक ने उसे शादी का भरोसा दिलाया और इसी बहाने कई बार शारीरिक शोषण किया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के मुताबिक, महिला तीन बच्चों की मां है और करीब तीन महीने पहले उसकी फेसबुक पर पानीपत निवासी विरेंद्र नामक युवक से दोस्ती हुई थी। उसने खुद को पुलिस विभाग में हवलदार बताते हुए भरोसा दिलाया और बार-बार मिलने के लिए बुलाया। इसी दौरान आरोपी ने होटल में जबरन संबंध बनाए।

महिला का कहना है कि जैसे ही यह बात परिवार तक पहुंची, उसके पति और परिजनों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद उसने आरोपी से शादी की बात की, लेकिन उसने साफ मना कर दिया और अपने साथ रखने से इनकार कर दिया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अब उसके पास कोई सहारा नहीं है और वह मानसिक रूप से काफी परेशान है। साथ ही उसने चेतावनी दी है कि अगर भविष्य में उसके साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके लिए आरोपी जिम्मेदार होगा।

घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने कहा कि महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी बताया है, जिसकी भी पुष्टि की जाएगी।

Exit mobile version