Site icon Dainik Savera Times

करनाल: अब सरकारी कार्यालयों में देर से आने वाले कर्मचारियों की लगेगी छुट्टी, बायोमेट्रिक हाजिरी अनिवार्य

करनाल। अब जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में देर से आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टी दर्ज की जाएगी। इसके लिए सभी कर्मचारियों को बायोमेट्रिक मशीन के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करनी होगी।

सोमवार को उपायुक्त (DC) उत्तम सिंह ने विभागाध्यक्षों की बैठक लेकर यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इस व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। जो भी कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचेगा, उसका अवकाश दर्ज किया जाएगा।

डीसी ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। सभी कर्मचारी जिला सूचना अधिकारी (DIO) के माध्यम से बायोमेट्रिक बनवाएं। जिन कार्यालयों में अब तक मशीनें उपलब्ध नहीं हैं, वहां जल्द से जल्द लगाई जाएं। इस कार्य की निगरानी के लिए अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी खंड और उपमंडल स्तर के कार्यालयों के साथ-साथ ग्राम पंचायत स्तर पर भी बायोमेट्रिक मशीन लगाई जाए। इससे पटवारी और ग्राम सचिव एक ही स्थान पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकेंगे।

बैठक में एडीसी सोनू भट्ट, नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा, एसडीएम अनुभव मेहता, सीटीएम मोनिका, डीडीपीओ कंचनलता, डीआरओ मनीष यादव, डीआईपीआरओ मनोज कौशिक, जिला रेडक्रॉस सचिव कुलबीर मलिक, जीएम रोडवेज कुलदीप सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version