Site icon Dainik Savera Times

करनाल में हरियाणा रोडवेज बस पलटी, चार यात्री घायल, चालक फरार

Haryana Roadways bus overturned near Atal Park on NH-44 in Karnal

Haryana Roadways bus overturned near Atal Park on NH-44 in Karnal

करनाल। एनएच-44 पर करनाल में अटल पार्क के समीप शुक्रवार को हरियाणा रोडवेज की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चंडीगढ़ से दिल्ली की ओर जा रही सोनीपत डिपो की बस सर्विस लेन पर अचानक असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई।

ये भी पढ़ें: हवा जहरीली हुई तो थमा विकास, करनाल में GRAP-4 का सख्त असर

बस पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में चार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, जबकि कई अन्य लोगों को हल्की चोटें लगीं। घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल करनाल पहुंचाया गया। बाकी यात्रियों को दूसरी बस के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

यात्रियों के अनुसार, बस चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और बार-बार समझाने के बावजूद उसने रफ्तार कम नहीं की। बताया गया कि सर्विस लेन पर अचानक मोड़ लेने के दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-32 और 33 की पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से पलटी बस को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version