Site icon Dainik Savera Times

9 नवंबर को करनाल में ‘हिंद की चादर मैराथन’, 56 हजार धावक होंगे शामिल — ट्रैफिक प्लान जारी

करनाल। श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस के अवसर पर 9 नवंबर को करनाल में ‘हिंद की चादर मैराथन’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस मेगा इवेंट में लगभग 56 हजार धावक हिस्सा लेंगे। मैराथन का शुभारंभ एनडीआरआई चौक से होगा और यह तीन चरणों — 5, 10 और 21 किलोमीटर की दूरी पर आयोजित की जाएगी।
आयोजन की भव्यता को देखते हुए प्रशासन ने सुबह 4 बजे से मैराथन समाप्ति तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया है।

प्रशासन ने जारी किया ट्रैफिक एडवाइजरी

करनाल पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। एसपी गंगाराम पूनिया ने कहा कि लोगों से अनुरोध है कि असुविधा से बचने के लिए प्रतिबंधित मार्गों से यात्रा न करें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।
मैराथन के दौरान निम्नलिखित मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा —

गीता द्वार, एनडीआरआई चौक, आईटीआई चौक, सेक्टर-9 टी पॉइंट और मंगलपुर कट से इंद्री रोड तक।

वैकल्पिक मार्ग योजना

असंध और कैथल की दिशा से आने वाले वाहन पश्चिमी यमुना बाईपास से होकर NH-44 पर जाएंगे।

पुराना बस स्टैंड या माल रोड से आने वाले वाहन महात्मा गांधी चौक से होते हुए सेक्टर-12 मार्ग का उपयोग करें।

कुंजपुरा रोड और गढ़ी बीरबल की ओर से आने वाले वाहन सेक्टर-9 या 32 कट से शहीद उधम सिंह चौक होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे।

इंद्री रोड की ओर से आने वाले वाहन रंबा से तरावड़ी या जीटी रोड सेक्टर-6 कट के रास्ते प्रवेश करेंगे।

मैराथन रूट और चरण

एसडीएम अनुभव मेहता ने बताया कि मैराथन में भाग लेने के लिए 56 हजार से अधिक प्रतिभागी ऑनलाइन पंजीकरण कर चुके हैं।
मैराथन का रूट इस प्रकार रहेगा —
एनडीआरआई चौक → आईटीआई चौक → टीकरी कलाश हॉकी स्टेडियम मार्ग → इंद्री रोड → कर्ण लेक → वापसी एनडीआरआई चौक तक।

प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि मैराथन के दौरान सहयोग करें और निर्धारित रूट पर अनावश्यक यात्रा से परहेज करें।

Exit mobile version