करनाल। पुराने शहर के कोट मोहल्ले की लोटियान गली में सोमवार रात को मामूली कहासुनी ने एक बड़े विवाद और फिर खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। ई-रिक्शा के किराए को लेकर शुरू हुई बहस में एक पक्ष के करीब 15 युवकों ने तीन भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में कोट मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय विशु की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके दो बड़े भाई विशाल और सौरभ चाकू के वार से गंभीर रूप से घायल हैं। थाना शहर पुलिस ने शिकायत के आधार पर 15 लोगों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और पूछताछ के लिए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
सामान लाने के दौरान हुआ विवाद
पुलिस को दी गई शिकायत में कोट मोहल्ला निवासी सुखबीर ने बताया कि वह सोमवार रात को तीन बोरों में सामान लेकर घर आए थे। लोटियान गली में सीवरेज के काम के चलते ई-रिक्शा आगे नहीं जा पा रहा था। जब उन्होंने चालक से दूसरे रास्ते से सामान पहुंचाने को कहा और ऐसा न करने पर पूरा किराया न देने की बात कही, तो बहस शुरू हो गई। इसी बीच गली में रहने वाला ईश्वर भी बीच में आ गया और कहासुनी करने लगा।
सुखबीर ने घर से अपने तीनों बेटों विशु, विशाल और सौरभ को सामान उठाने के लिए बुलाया। आरोप है कि ईश्वर ने उनके बेटों से भी गाली-गलौज की। विरोध करने पर ईश्वर सिंह, उसके भाई, भतीजों सहित करीब 15 लोगों ने उन पर हमला कर दिया और तीनों बेटों पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए।
नशे की हालत में किए वार
सुखबीर का आरोप है कि हमलावरों ने नशे की हालत में सबसे पहले विशु पर चाकू से वार किए, जिससे वह वहीं गिर गया। विशाल और सौरभ के पैरों पर भी कई वार किए गए। स्थानीय लोगों ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। जब तक पुलिस पहुंची, आरोपी फरार हो चुके थे। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां विशु को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। विशु सुनार की दुकान पर काम सीखता था।
मां ने रखा था अहोई अष्टमी का व्रत
मृतक विशु की मां आरजू ने सोमवार को अपने बच्चों की सलामती के लिए अहोई अष्टमी का व्रत रखा था। रात को विवाद की सूचना मिलने पर वह गहरे सदमे में हैं और छोटे बेटे की मौत की खबर के बाद से उनके आंसू नहीं थम रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोहल्ले के नशेड़ी व्यक्ति ने उनके परिवार से बदसलूकी की और उनके बेटे की जान ली है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, सीसीटीवी खंगाल रही
थाना शहर के प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि लोटियान गली में कई जगह खून बिखरा मिला है और एफएसएल की टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। वारदात गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है, जिसकी फुटेज खंगाली जा रही है। शिकायत के आधार पर ईश्वर, सागर और जतिन सहित 15 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, लेकिन वारदात में इस्तेमाल चाकू अभी बरामद नहीं हुए हैं। डीएसपी करनाल राजीव कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।