Site icon Dainik Savera Times

मेरठ चौक पर ट्रक ने युवक को कुचला, मौके पर मौत – आरोपी चालक गिरफ्तार

करनाल। शहर के मेरठ चौक पर बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। धान से भरे ट्रक ने सड़क पार कर रहे युवक को कुचल दिया, जिससे वह मौके पर ही दम तोड़ गया। हादसे के बाद चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ट्रक के नीचे फंस गया और कई मीटर तक घसीटता चला गया। आसपास के लोग तुरंत पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की जान जा चुकी थी। हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक शव सड़क पर पड़ा रहा, लेकिन शव वाहन मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे प्रशासन की लापरवाही उजागर हुई।

थाना इंचार्ज एएसआई जगपाल सिंह ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर लिया गया है। मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

Exit mobile version