करनाल के अशोक नगर निवासी 34 वर्षीय शम्मी वर्मा को अमेरिका में दुष्कर्म के आरोपों में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने दोस्ती का झांसा देकर दो महिलाओं को अपनी कार में बुलाया और उनके साथ दुष्कर्म किया। दोनों पीड़िताओं की अलग-अलग शिकायतों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे कस्टडी में लिया। इसकी पुष्टि सांता रोजा पुलिस ने सोशल मीडिया पर की है।
पहली शिकायत जनवरी 2025 में दर्ज हुई थी, जिसमें एक महिला ने बताया कि जून 2024 में शम्मी ने बातचीत का बहाना बनाकर उसे मिलने बुलाया और फिर कार में दुष्कर्म किया। इस मामले की जांच डोमेस्टिक वॉयलेंस सेक्सुअल एब्यूज टीम (DVSA) को सौंपी गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अमेरिका में सैम और वर्मा नामों का इस्तेमाल करता था।
इसी दौरान रोनेर्ट पार्क पुलिस विभाग (RPPDPS) भी उससे जुड़े एक और केस की जांच कर रहा था। फरवरी 2025 में उस पर एक अन्य महिला से कार में दुष्कर्म करने का आरोप लगा। दोनों एजेंसियों ने मिलकर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे सोनोमा काउंटी मेन एडल्ट डिटेंशन फैसिलिटी में गंभीर आरोपों के तहत दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
सांता रोजा पुलिस ने आरोपी की तस्वीर और जानकारी सार्वजनिक की है, ताकि यदि किसी और महिला के साथ भी उसने ऐसा किया हो तो वह सामने आ सके। जानकारी के अनुसार, शम्मी 2022 में अमेरिका गया था। उसके पिता हरियाणा रोडवेज से सेवानिवृत्त हुए थे और उसी से मिली धनराशि का उपयोग उसने विदेश जाने में किया था।