Karnal Mayor Stresses Smart Urban Mobility : करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने भुवनेश्वर में आयोजित 19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस एवं एक्सपो-2026 में आधुनिक शहरी परिवहन और टिकाऊ विकास की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहरों का विकास केवल आधारभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि नागरिकों के लिए सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने भी शहरी परिवहन और नगरीय विकास से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
आधुनिक शहरी परिवहन, बेहतर नागरिक सुविधाओं और टिकाऊ विकास के लिए समग्र दृष्टिकोण के साथ योजनाओं को आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शहरों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए परिवहन व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और प्रभावी बनाना होगा। उन्होंने कहा कि शहरी विकास की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिक के जीवन को आसान बनाना होना चाहिए। इसके लिए यातायात व्यवस्था में सुधार, आवागमन के बेहतर विकल्पों और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन प्रणालियों को प्रोत्साहित करना जरूरी है।
सुव्यवस्थित परिवहन व्यवस्था से न केवल लोगों का समय बचेगा, बल्कि शहरों में यातायात का दबाव कम करने और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। उल्लेखनीय है कि सम्मेलन में करनाल की महापौर रेणु बाला गुप्ता सहित देशभर से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, शहरी विकास से जुड़े विशेषज्ञों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों को केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। सम्मेलन में आधुनिक शहरी परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने, नागरिकों के लिए आवागमन को सुगम करने तथा शहरों के सतत विकास से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
सम्मेलन के अंतर्गत केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अपने प्रेरक संबोधन में शहरी परिवहन और नगरीय विकास को देश की प्रगति से जोड़ते हुए आधुनिक, सुविधाजनक और टिकाऊ शहरी व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ने का मार्गदर्शन दिया। सम्मेलन का उद्देश्य विभिन्न शहरों के अनुभवों, नवाचारों और बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान के माध्यम से शहरी परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के प्रयासों को गति देना रहा।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय सम्मेलन शहरों की समस्याओं, संभावनाओं और विकास की नई दिशाओं को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। विभिन्न शहरों में अपनाए जा रहे नवाचारों और सफल मॉडलों से सीख लेकर स्थानीय स्तर पर भी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित परिवहन, सुगम आवागमन और बेहतर नागरिक सुविधाएं विकसित शहरों की पहचान हैं। केंद्र सरकार के मार्गदर्शन, आधुनिक तकनीक के उपयोग और स्थानीय निकायों की सक्रिय भूमिका से शहरी विकास को नई गति दी जा सकती है।

