Karnal MC Launches Anti-Encroachment Drive : करनाल। नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा के निर्देशानुसार शहर में सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम की सफाई शाखा के प्रवर्तन दल द्वारा विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत शहर की प्रमुख सड़कों पर दुकानदारों एवं अन्य लोगों द्वारा सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान आईटीआई चौक रोड तथा जीटी रोड स्थित सेक्टर-6 चौक से साईं बाबा मंदिर चौक तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। प्रवर्तन दल ने दुकानों के बाहर सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर रखे सामान को हटवाया तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 7 चालान किए। इन चालानों के माध्यम से कुल 3,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा सड़क पर अवैध रूप से रखा गया सामान भी जब्त किया गया।
सड़क व सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं होगा। नगर निगम आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि शहर की सड़कों, फुटपाथों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण कर आवागमन बाधित करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों एवं रेहड़ी-फड़ी संचालकों को हिदायत दी कि वे अपना सामान निर्धारित सीमा के भीतर रखें और सड़क व फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखें, ताकि आम नागरिकों, पैदल यात्रियों एवं वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नगर निगम की ओर से शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालान, जुर्माना तथा सामान जब्त करने जैसी कार्रवाई की जाएगी। निगम का उद्देश्य शहर की सड़कों को व्यवस्थित, स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम बनाना है, जिसके लिए नागरिकों से भी सहयोग की अपील की गई है। अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व सफाई निरीक्षक उषा रानी ने किया। टीम में सहायक सफाई निरीक्षक कृष्ण कुमार सहित प्रवर्तन दल के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।