Site icon Dainik Savera Times

करनाल में संदिग्ध हालात में नेपाली नौकरानी की मौत, परिजनों ने मकान मालिक पर लगाया दुष्कर्म व हत्या का आरोप

करनाल। दयाल सिंह कॉलोनी स्थित एक मकान में नेपाल मूल की करीब 26 वर्षीय घरेलू नौकरानी सोमवार को अर्धनग्न हालत में बेहोश मिली थी। मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने मकान मालिक पर दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया है।

करीब तीन साल से उक्त मकान में काम कर रही युवती के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए। घटना के समय वह केवल टी-शर्ट पहने हुई थी। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

परिजनों के आरोप

मृतका की बड़ी बहन ने बताया कि मकान मालिक ने फोन कर कहा था कि उसकी बहन को मिर्गी का दौरा पड़ा है और उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया है। लेकिन जब वे मौके पर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा खुला था और युवती अर्धनग्न हालत में पड़ी थी। उसके शरीर पर चोट के निशान थे और वह उल्टी कर रही थी। कपड़े पहनाकर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। डॉक्टरों ने मंगलवार को उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का कहना है कि उनकी बहन को कभी मिर्गी का दौरा नहीं पड़ा था, ऐसे में हत्या और दुष्कर्म की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

पुलिस की कार्रवाई

डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड की निगरानी में कराया जाएगा ताकि मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सके। पुलिस ने केस दर्ज कर मकान से भी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

प्रवासी नेपाली संघ की मांग

प्रवासी नेपाली संघ भारत के हरियाणा प्रभारी मोहन थापा ने निष्पक्ष और गंभीर जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि रात 10:30 बजे जब मृतका के परिजनों को बुलाया गया, उस समय उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। उन्होंने कहा कि मकान मालिक ने समाज के लोगों से सहयोग भी नहीं किया।

Exit mobile version