हरियाणा के करनाल में गुरुवार देर रात नेशनल हाइवे 44 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो वाहनों में आग लग गई और दोनों पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस हादसे में एक बाइक चालक आग की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।
हादसा तब हुआ जब दो ट्रक आपस में टकरा गए। एक ट्रक चंडीगढ़ से दिल्ली की ओर जा रहा था और सीएचसी सिटी के पास दूसरे ट्रक से टकरा गया। हालांकि, दोनों ट्रक चालकों ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान घटनास्थल पर मौजूद एक बाइक चालक और रेहड़ी चालक हादसे की चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने किसी तरह बाइक चालक और रेहड़ी चालक को बचाकर आग से दूर किया। सूचना मिलते ही मौके पर दमकल विभाग और एंबुलेंस पहुंची। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों ट्रक पूरी तरह जल चुके थे।
घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बाइक चालक को मृतक घोषित कर दिया। वहीं, रेहड़ी चालक गंभीर रूप से घायल है, उसकी दोनों टांगें टूट गई हैं और उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, एक ट्रक में दिवाली की डिलीवरी के लिए इलेक्ट्रॉनिक सामान भरा हुआ था, जो सामने से आए दूसरे ट्रक से टकरा गया। टकराते ही केबिन में आग भड़क उठी और आग ने दूसरे ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि ट्रक चालकों ने समय रहते वाहन छोड़कर अपनी जान बचा ली।
हादसे के कारण हाईवे पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसे पुलिस ने बाद में गाड़ियों को हटाकर यातायात के लिए सुचारू किया।

