Site icon Dainik Savera Times

पेट्रोल पंप पर हिंसा में बदला मामूली विवाद, दो कर्मचारी लहूलुहान

karnal-petrol-pump-violent-dispute-two-employees-injured

karnal-petrol-pump-violent-dispute-two-employees-injured

करनाल। गुरु नानक पेट्रोल पंप पर देर रात नोट बदलने के नाम से शुरू हुआ एक मामूली विवाद हिंसा में बदल गया। इस हिंसा में दो कर्मचारी घायल हो गए। इन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

ऐसे शुरू हुई कर्मचारियों से मारपीट

पेट्रोल भराने के लिए आए युवकों ने कर्मचारियों से बहस के बाद अपने 8-10 साथियों को बुला लिया। इसके बाद उन पर धावा बोल दिया। लाठी-डंडों से किए इस ताबड़तोड़ हमले में दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। हमलावरों की यह गुंडागर्दी पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले दोनों पक्षों में हुई तीखी बहस

​पेट्रोल पंप के कर्मचारी सुखबीर सिंह के अनुसार वारदात की शुरुआत एक नोट को बदलने की बात से शुरू हुई। रात के समय दो युवक अपनी बाइक और गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पर पहुंचे थे। पेट्रोल भरने के बाद युवकों ने नकद भुगतान किया, लेकिन दिए रुपयों में से एक नोट खराब था। जब ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने उनसे वह नोट बदलकर दूसरा देने के लिए कहा, तो युवक भड़क गए और दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई।

8-10 लोगों को लेकर दोबारा आए युवक

​सुखबीर सिंह ने बताया कि बहस के बाद दोनों युवक उस समय तो वहां से चले गए, लेकिन उनके सिर पर खून सवार था। थोड़ी ही देर बाद वे अपने साथ 8 से 10 अन्य युवकों की फौज लेकर वापस पेट्रोल पंप पर आ धमके। हमलावरों ने आते ही बिना कुछ सोचे-समझे और बिना कोई बात किए वहां मौजूद कर्मचारियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस सामूहिक हमले से पेट्रोल पंप पर हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई। हमलावर कर्मचारियों को बेरहमी से पीटते रहे, जिसकी पूरी फुटेज सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है। ​

पुलिस कर रही सीसीटीवी की जांच

इस हमले में पेट्रोल पंप पर काम करने वाले दो कर्मचारी रामू और रामकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। लहूलुहान हालत में दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। ​घटना के तुरंत बाद पंप प्रबंधन की ओर से पुलिस को मामले की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Also Read :

Exit mobile version