Site icon Dainik Savera Times

करनाल में 10 महीने में यातायात नियम तोड़ने पर 3.64 लाख चालान

Karnal Police Issue 3.64 Lakh Traffic Challans in 10 Months : करनाल। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर करनाल पुलिस ने सख्ती बरतते हुए जनवरी से अक्टूबर 2026 तक 3,64,350 चालान किए हैं। इनमें बिना हेलमेट के 1,12,560, तेज रफ्तार के 49,747 और पोस्टल चालान के 1,68,632 मामले शामिल हैं। एसपी करन गोयल ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा में सहयोग देने की अपील की है।

इनमें सबसे अधिक कार्रवाई हेलमेट नहीं पहनने, पोस्टल चालान और निर्धारित गति सीमा से तेज वाहन चलाने के मामलों में हुई है। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस अधीक्षक करन गोयल के निर्देश पर यातायात पुलिस की टीमें लगातार प्रमुख चौकों, व्यस्त सड़कों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रख रही हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मौके पर कार्रवाई के साथ आधुनिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी ऑनलाइन चालान किए जा रहे हैं।

पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल नहीं करने पर 1,12,560 चालान किए गए। चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 765, शीशों पर ब्लैक फिल्म लगाने पर 646 और बुलेट मोटरसाइकिलों में निर्धारित मानकों के विपरीत साइलेंसर लगाने पर 1,579 चालान किए गए। इसके अलावा लेन बदलने के नियमों का उल्लंघन करने पर 19,545, रॉन्ग साइड वाहन चलाने पर 6,495 और निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार से वाहन चलाने पर 49,747 चालान किए गए। शराब पीकर वाहन चलाने के 1,188 तथा ट्रिपल राइडिंग के 2,931 मामले सामने आए।

वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर 262 चालान किए गए। मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न उल्लंघनों के तहत 1,68,632 पोस्टल चालान भी जारी किए गए। यातायात पुलिस शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर लगे आधुनिक सीसीटीवी कैमरों की मदद से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की पहचान कर रही है। हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने, मोबाइल फोन पर बात करने, ट्रिपल राइडिंग और ब्लैक फिल्म सहित अन्य उल्लंघनों पर ऑनलाइन चालान भेजे जा रहे हैं। ये चालान संबंधित वाहन के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर पहुंचते हैं।

पुलिस अधीक्षक करन गोयल ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें। निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और लेन नियमों का पालन करें। शराब पीकर वाहन चलाने तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से बचें। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क हादसों में कमी लाकर प्रत्येक नागरिक की यात्रा को सुरक्षित बनाना है। वाहन चालकों की थोड़ी सी सावधानी उनकी और दूसरों की जिंदगी बचा सकती है।

Also Read :

Exit mobile version