Site icon Dainik Savera Times

त्योहारी भीड़ में जेबकतरों और वाहन चोरों से रहें सावधान : करन गोयल

Karnal Police Issues Festive Season Safety Advisory : करनाल। त्योहारों के सीजन में बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए करनाल पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक करन गोयल ने कहा कि खरीदारी के दौरान मोबाइल, पर्स, नकदी और आभूषणों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। वाहन निर्धारित पार्किंग में खड़े करें और उन्हें अच्छी तरह लॉक करना सुनिश्चित करें। बच्चों को भीड़ में अकेला न छोड़ें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

पुलिस अधीक्षक करन गोयल ने कहा कि बाजारों, धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर खरीदारी करते समय अपने मोबाइल फोन, पर्स, नकदी, आभूषण और वाहनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। थोड़ी सी लापरवाही त्योहारों की खुशियों में खलल डाल सकती है। एसपी ने कहा कि त्योहार खुशियों और आपसी भाईचारे का प्रतीक हैं। ऐसे में लोगों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर असामाजिक तत्व लोगों का ध्यान भटकाकर चोरी और जेबतराशी जैसी वारदातों को अंजाम देने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए खरीदारी के दौरान अपने आसपास की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

उन्होंने लोगों को सलाह दी कि पर्स और मोबाइल फोन को सुरक्षित जगह पर रखें तथा खरीदारी करते समय अपने सामान को बिना निगरानी के न छोड़ें। कई बार आरोपी धक्का देने, रास्ता पूछने या मदद के बहाने लोगों का ध्यान भटकाते हैं। ऐसे में अनजान लोगों से बातचीत करते समय सतर्क रहें और जल्दबाजी में कोई लापरवाही न करें। एसपी ने वाहन चालकों से अपील की कि बाजार जाते समय अपने वाहन निर्धारित और सुरक्षित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। वाहन से उतरने के बाद उसे अच्छी तरह लॉक करना सुनिश्चित करें। दोपहिया वाहनों में अतिरिक्त लॉक का इस्तेमाल करें और सुनसान स्थानों पर वाहन खड़ा करने से बचें।

उन्होंने कहा कि वाहन के अंदर नकदी, मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैग या अन्य कीमती सामान खुले में न छोड़ें। सामान बाहर से दिखाई देने पर चोरी की आशंका बढ़ सकती है। वाहन पार्क करने के बाद उसकी सुरक्षा के सभी जरूरी उपाय जरूर करें। त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने से बच्चों के बिछड़ने की आशंका भी रहती है। ऐसे में अभिभावक बच्चों को अपने साथ रखें और उन्हें भीड़ में अकेला न छोड़ें। बच्चों को समझाएं कि परिवार से बिछड़ने पर किसी पुलिसकर्मी या विश्वसनीय सहायता केंद्र से मदद लें।

एसपी करन गोयल ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना जिला पुलिस की प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान पुलिस की ओर से सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने, दूसरों को जागरूक करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाजारों, पार्किंग स्थलों, धार्मिक स्थलों और बस स्टैंड सहित किसी भी सार्वजनिक स्थान पर संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

Exit mobile version